प्रधान का पति निकला चोरों का ‘प्रधान’, मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर समेत दो गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रधान का पति निकला चोरों का ‘प्रधान’, मुठभेड़ में दो शातिर गिरफ्तार

ज्ञानपुर।

ऊंज थाना और एसओजी की संयुक्त टीम ने सोमवार शाम मुठभेड़ के दौरान मीनापुर गांव के पास से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। आरोपी जल जीवन मिशन, मोबाइल टावर और अन्य सरकारी निर्माणाधीन इकाइयों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस द्वारा रोके जाने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में गिरोह का सरगना गोली लगने से घायल हो गया।

मुठभेड़ में दुर्गागंज थाने का हिस्ट्रीशीटर राजेश बिंद निवासी छनौरा के पैर में गोली लगी। राजेश की पत्नी छनौरा गांव की वर्तमान ग्राम प्रधान है। दूसरा आरोपी बब्लू कुमार निवासी कांतिरामपुर को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कबाड़ी व्यापारी संतोष बिंद निवासी बवई, सुरियावां को भी गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है।

सरकारी योजनाओं पर कर रहे थे हाथ साफ

पुलिस के अनुसार जिले में बीते कुछ दिनों से जल जीवन मिशन, मोबाइल टावर, निर्माणाधीन सरकारी इकाइयों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे सबमर्सिबल पंप व अन्य उपकरणों की चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं।

  • 18 जनवरी को कलीपुर से जल जीवन मिशन की निर्माणाधीन टंकी से चार बैटरी चोरी

  • 20 जनवरी को उदयकरनपुर व कलीपुर से दो बैटरी और इन्वर्टर चोरी

  • 23 जनवरी को सहसीपुर से चार बैटरी और केबल चोरी

इन मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपी मीनापुर गांव के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम के पहुंचते ही बाइक सवार दो बदमाश भागने लगे और फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बाइक चला रहे बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह गिर पड़ा। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

47 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर

एसपी ने बताया कि राजेश बिंद दुर्गागंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ चोरी, छिनैती और सेंधमारी के 47 मुकदमे दर्ज हैं। इन दिनों वह अपनी पत्नी से अलग रह रहा था और हंडिया क्षेत्र में किसी अन्य महिला के साथ रह रहा था। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी।

आरोपियों के पास से बरामद सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें शामिल हैं—

  • एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा

  • एक चोरी की बाइक

  • पांच बैटरी, दो इन्वर्टर

  • एक टुल्लू पंप, छह सबमर्सिबल स्टार्टर

  • एक सीपीयू, एक आटा चक्की, एक स्टेबलाइजर

  • तीन छोटे सिलिंडर, दो भगौना व ढक्कन

  • एक एचपी प्रिंटर

  • दो बाइक के कटे पार्ट

  • दो तार कटर, एक हैंडपंप का हैंडल

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles