आईजीआरएस समीक्षा में लापरवाही पर सख्ती, एडीएम ने अधिकारियों को चेताया
ज्ञानपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित आईजीआरएस समीक्षा बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व कुंवर वीरेंद्र मौर्य तथा एडीएम न्यायिक विजय नारायण सिंह ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ी नजर रखी। बैठक के दौरान यह सामने आया कि कई मामलों में शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता निभाकर किया जा रहा है, जिससे शिकायतकर्ता असंतुष्ट हैं।
एडीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिकायतों का निस्तारण कागजी न होकर धरातल पर दिखना चाहिए। गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के बिना आख्या अपलोड करने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और समयसीमा का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा में यह भी निर्देश दिए गए कि एक ही प्रकृति की बार-बार आने वाली शिकायतों का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे प्रकरण दोबारा दर्ज न हों। एडीएम ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने विभाग में शिकायतों के स्रोतों की पहचान करें और संबंधित फील्ड स्तर के कर्मचारियों की जवाबदेही तय करें।
बैठक के अंत में दोनों अपर जिलाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में आईजीआरएस मामलों में लापरवाही या असंतोषजनक कार्यप्रणाली पाई गई, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
