₹2.5 करोड़ से 12 सहकारी समितियों में बनेंगे 100 टन क्षमता के गोदाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

2.5 करोड़ से 12 समितियों में बनेंगे 100 टन क्षमता के गोदाम

आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

ज्ञानपुर।
केंद्र सरकार की आत्मनिर्भर भारत योजना के अंतर्गत जिले की 12 सहकारी समितियों में 100-100 टन भंडारण क्षमता वाले गोदामों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए सहकारिता विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है, जिसे शीघ्र ही शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद निर्माण का एस्टीमेट तैयार कर कार्य शुरू किया जाएगा।

एआर सहकारिता राम प्रकाश ने बताया कि जिले की 12 चयनित सहकारी समितियों पर गोदाम निर्माण का प्रस्ताव बनाया गया है। प्रत्येक गोदाम के निर्माण पर लगभग 20 लाख रुपये की लागत आएगी। इस प्रकार कुल मिलाकर करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जिले में कुल 52 सहकारी समितियां हैं, जिनमें से 45 समितियां क्रियाशील हैं। आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत सहकारी समितियों को मजबूत और समृद्ध बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वी-पैक्स (VPACS) के माध्यम से समितियों का कंप्यूटरीकरण भी किया जा चुका है, लेकिन धान और गेहूं खरीद के सीजन में गोदामों की कमी के कारण भंडारण में गंभीर दिक्कतें सामने आती हैं।

बताया गया कि दो से ढाई दशक पहले बने गोदाम अब जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं, जिससे पर्याप्त भंडारण की सुविधा नहीं मिल पाती। कई बार अनाज खुले में रखने के कारण बारिश में भीग जाता है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है।

नई योजना के तहत बनने वाले गोदामों से धान और गेहूं के सुरक्षित भंडारण में सहूलियत मिलेगी। साथ ही रबी और खरीफ सीजन में यूरिया, डीएपी सहित अन्य उर्वरकों के रखरखाव की व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी।

सहकारिता विभाग ने न केवल नए गोदामों के निर्माण, बल्कि जर्जर गोदामों के जीर्णोद्धार के लिए भी प्रस्ताव तैयार कर लिया है। योजना के धरातल पर उतरने से जिले के किसानों और सहकारी समितियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles