सुरियावां नगर पंचायत में ठंड से राहत की पूरी तैयारी, रैन बसेरों में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध
भदोही।
शीतलहर और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए नगर पंचायत सुरियावां द्वारा ठंड से बचाव के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नगर पंचायत क्षेत्र में रैन बसेरों के संचालन के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है, जिससे गरीब, बेसहारा एवं राहगीरों को राहत मिल सके।
नगर पंचायत कार्यालय सुरियावां द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 में शहरी क्षेत्र के अंतर्गत एक रैन बसेरा संचालित किया जा रहा है। यह रैन बसेरा वार्ड संख्या 08 स्थित सामुदायिक भवन में जोधराज सिंह तालाब के पास स्थापित है। यहां कुल 10 बेड की क्षमता है, जिसमें पुरुष एवं महिला दोनों के ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है।
रैन बसेरे में ठहरने वाले लोगों को साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, कंबल, बेडशीट, शौचालय, स्नानघर, गर्म पानी, प्रकाश व्यवस्था तथा प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नगर पंचायत द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि ठंड के कारण किसी भी जरूरतमंद को असुविधा न हो।
इसके साथ ही नगर पंचायत सुरियावां क्षेत्र में कुल 24 चिन्हित स्थानों पर प्रतिदिन अलाव जलाए जा रहे हैं। प्रमुख अलाव स्थल अभियार रोड त्रिमोहानी, रेलवे स्टेशन, बाईपास चौराहा, नेता नगर त्रिमोहानी, थाना परिसर, पुरानी बाजार, अशोक नगर पुलिया, मेन बाजार चौक, गांधी नगर, नेहरू नगर, रामबाग तिराहा सहित अन्य भीड़भाड़ वाले इलाके हैं। सभी अलाव स्थलों पर नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि अलाव समय से जलते रहें।
नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि ठंड के मौसम में जनसामान्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। रैन बसेरों और अलाव व्यवस्था की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त इंतजाम भी किए जाएंगे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

