अनधिकृत प्लाटिंग पर बीडा की बड़ी कार्रवाई, तीन बीघे में बने ले-आउट पर चला बुलडोजर
भदोही।
भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) ने अधिसूचित क्षेत्र में अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। नगर के रेवड़ापरसपुर क्षेत्र में बिना स्वीकृति विकसित किए गए प्लाटिंग ले-आउट को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। लगभग तीन बीघे क्षेत्र में फैले इस अवैध ले-आउट को गिराने में तीन घंटे से अधिक का समय लगा।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। एसडीएम न्यायिक बरखा सिंह मौके पर मौजूद रहीं और पूरे अभियान की निगरानी करती रहीं। बीडा अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को पूरी तरह हटवाया।
नोटिस के बाद भी नहीं ली गई स्वीकृति
बीडा की उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनीता देवी ने बताया कि रेवड़ापरसपुर निवासी रामसागर राय और करुणा सागर राय ने बीडा के अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति प्लाटिंग का ले-आउट तैयार कर लिया था। इस संबंध में शिकायत मिलने पर उत्तर प्रदेश औद्योगिक क्षेत्र विकास अधिनियम के तहत निर्माणकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। साथ ही निर्माण कार्य तत्काल रोकने का निर्देश भी दिया गया था।
उन्होंने बताया कि प्राधिकरण की ओर से निर्माणकर्ताओं को ले-आउट स्वीकृत कराने के लिए पर्याप्त अवसर दिए गए, लेकिन इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं किया गया। मजबूरन बीडा को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करनी पड़ी।
अन्य अवैध प्लाटिंग भी बीडा के रडार पर
उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बीडा अधिसूचित क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी अवैध प्लाटिंग के मामले सामने आए हैं। उन सभी पर क्रमवार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना स्वीकृति के किसी भी प्रकार का ले-आउट या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्लाट खरीदने से पहले जांच जरूरी
बीडा अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि अधिसूचित क्षेत्र में कोई भी प्लाट या फ्लैट खरीदने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि उसका ले-आउट और भवन मानचित्र बीडा से स्वीकृत है। जिन लोगों ने बिना मानचित्र के निर्माण करा लिया है, वे समय रहते प्राधिकरण से उसे विनियमित करा लें, अन्यथा भविष्य में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


