वाराणसी में खौफनाक वारदात: एक ही कमरे में दंपती ने फंदे से लटककर दी जान, मासूम बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल
वाराणसी जिले में मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। चौबेपुर थाना क्षेत्र के रामपुर चंद्रावती गांव में एक दंपती ने एक ही कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों की पहचान सनी देवल राजभर (27) और उनकी पत्नी चांदनी देवी (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार अपराह्न करीब तीन बजे पहले पत्नी और फिर पति ने पंखे की कुंडी में साड़ी के सहारे फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। आत्महत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि सनी राजभर अपने पिता शिव कुमार राजभर के इकलौते बेटे थे और फास्ट फूड की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। घटना का खुलासा तब हुआ जब उनकी सात वर्षीय बेटी अदिति स्कूल से घर लौटी। दरवाजा खुला देख वह कमरे में गई, जहां माता-पिता के शव देखकर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और दंपती को नीचे उतारकर नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन को जांच के लिए कब्जे में लिया है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
मृतक के पिता शिव कुमार राजभर ने पुलिस को बताया कि परिवार पर न तो किसी तरह का कर्ज था और न ही कोई पारिवारिक विवाद। ऐसे में बेटे और बहू के इस कदम ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। मां तीजा देवी बेटे-बहू की मौत से बदहवास हो गईं और बार-बार बेहोश हो रही थीं।
दंपती की दो मासूम बेटियां हैं—अदिति (7) और काजल (3)। घटना के बाद अदिति लगातार बिलखती रही, जबकि छोटी काजल उदास नजरों से हर किसी को रोते हुए देखती रही। जवान बेटे की मौत से टूट चुके शिव कुमार राजभर बार-बार यही कहते नजर आए कि अब वे कैसे जिएंगे और इन मासूम पोतियों की परवरिश कैसे होगी।
चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना से गांव और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


