जर्जर सड़क से परेशान लोगों का प्रदर्शन, वार्ड चार आंबेडकर नगर में हालात बदतर
घोसिया। राजापुर नगर के वार्ड संख्या चार आंबेडकर नगर में सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। सड़क पूरी तरह ध्वस्त होने के कारण मोहल्लेवासियों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान सड़क कीचड़ और गंदे पानी से भर जाती है, जिससे हालात और भी भयावह हो जाते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार इसी सड़क के किनारे प्रसिद्ध चौरा माई का मंदिर स्थित है। मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सड़क की बदहाली के चलते कीचड़ और गंदा पानी मंदिर परिसर तक पहुंच जाता है। इससे न केवल मंदिर की पवित्रता प्रभावित हो रही है, बल्कि श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सड़क के दोनों ओर बनी नालियां लंबे समय से साफ नहीं की गई हैं और पूरी तरह जाम पड़ी हैं। नालियों का गंदा पानी सड़क पर फैल जाने से फिसलन बनी रहती है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि आए दिन बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं फिसलकर गिर जाती हैं और कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं।
इस समस्या को लेकर मोहल्ले के मनोज कुमार गौतम, रवि गौतम, किसान गौतम, सभाजीत गौड़, चमोला देवी, अनीता देवी, वंदना देवी, कोमल देवी और सच्चा देवी सहित अन्य लोगों ने कई बार नगर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।
समस्या से आक्रोशित लोगों ने रविवार को प्रदर्शन कर प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण और नालियों की सफाई कराने की मांग की। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


