वित्तीय ब्योरे की मांग को लेकर सभासदों का धरना, ईओ के आश्वासन पर समाप्त
भदोही।
नगर पालिका परिषद में वित्तीय पारदर्शिता की मांग को लेकर सोमवार को तीन सभासद अधिशासी अधिकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। सभासदों का आरोप था कि पालिका के खर्चों का ब्योरा मांगे जाने के बावजूद उन्हें उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
भाजपा सभासद अरविंद मौर्य ने बताया कि 11 दिसंबर को अधिशासी अधिकारी को पत्र सौंपकर नगर पालिका परिषद द्वारा 9 जून 2023 से 30 सितंबर 2023 के बीच किए गए सभी भुगतानों और संबंधित मदों की जानकारी मांगी गई थी। इसके बावजूद कई दिनों तक ब्योरा नहीं दिया गया, जिससे सभासदों में रोष व्याप्त हो गया।
सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे सभासद अरविंद मौर्य, अजय दूबे और सभासद पिंकी गुप्ता के पति राकेश गुप्ता धरने पर बैठ गए। धरना लगभग तीन घंटे तक चला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह ने सभासदों से वार्ता की और मंगलवार को सुबह 11 बजे तक मांगा गया वित्तीय ब्योरा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद सभासदों ने धरना समाप्त कर दिया।
सभासदों ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा तक खर्चों का विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया तो वे पुनः धरना देने को मजबूर होंगे। वहीं अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह ने कहा कि सभासदों द्वारा मांगा गया वित्तीय ब्योरा उनका अधिकार है और नियमानुसार उन्हें उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अवकाश के कारण जानकारी देने में विलंब हुआ, लेकिन अब जल्द ही पूरा विवरण सौंप दिया जाएगा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


