संचालक और डॉक्टर नदारद, अल्ट्रासाउंड सेंटर को नोटिस
मरदह। अवैध भ्रूण लिंग जांच पर रोक लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे निरीक्षण अभियान के तहत बुधवार को मरदह बाजार स्थित लोबो अल्ट्रासाउंड सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सेंटर संचालक और अल्ट्रासाउंड करने वाले अधिकृत चिकित्सक दोनों अनुपस्थित मिले। सेंटर पर अन्य खामियां भी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सेंटर का पंजीयन निरस्त करने की चेतावनी दी गई है।
प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामकुमार ने बताया कि पीसीपीएनडीटी एक्ट-1994 के तहत उप जिलाधिकारी कासिमाबाद संजय कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में टीम ने सेंटर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सेंटर के रिसेप्शन और अल्ट्रासाउंड कक्ष में भ्रूण लिंग परीक्षण संबंधी बोर्ड लगा मिला। इसके अलावा पंजीयन बोर्ड भी प्रदर्शित था।
उन्होंने बताया कि सेंटर संचालक को पूर्व में निरीक्षण की जानकारी दिए जाने के बावजूद वह मौके पर मौजूद नहीं मिला। अल्ट्रासाउंड करने वाले अधिकृत चिकित्सक भी सेंटर पर उपलब्ध नहीं थे। निरीक्षण के दौरान सेंटर बंद मिला और वहां शौचालय की सुविधा भी नहीं पाई गई।
डॉ. रामकुमार के अनुसार, इन कमियों को लेकर सेंटर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संचालक को तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देना होगा। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सेंटर का पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

