76 मीटर के करीब पहुंचा गंगा का जलस्तर, तटवर्ती इलाकों में बढ़ी चिंता
सीतामढ़ी। करीब 10 घंटे तक स्थिर रहने के बाद गंगा के जलस्तर में बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे के बाद एक बार फिर बढ़ोतरी शुरू हो गई। शाम चार बजे तक सीतामढ़ी स्थित केंद्रीय जल आयोग के मीटर गेज पर गंगा का जलस्तर 75.930 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर में करीब तीन सेंटीमीटर की वृद्धि हो रही है।
गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी से तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हो रही बारिश के कारण पिछले करीब एक सप्ताह से गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। हालांकि, बृहस्पतिवार की सुबह जलस्तर स्थिर होने से लोगों ने राहत की उम्मीद जताई थी, लेकिन दोपहर बाद अचानक फिर से पानी बढ़ने लगा।
जलस्तर बढ़ने के साथ उफनाई गंगा में तेज हवाओं के कारण ऊंची लहरें उठ रही हैं। गंगा का पानी अब करीब 76 मीटर के स्तर तक पहुंच चुका है। हालांकि चेतावनी बिंदु 80.200 मीटर से जलस्तर अभी करीब चार मीटर नीचे है, लेकिन तटवर्ती गांवों के लोगों की धुकधुकी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जलस्तर 78 मीटर के आसपास पहुंचने के बाद कटान का खतरा बढ़ जाता है।
बाढ़ चौकियां अलर्ट मोड पर
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। अधिशासी अभियंता नहर सुधीर कुमार पाल ने बताया कि बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले की सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि गंगा के जलस्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव पर लगातार नजर रखी जा रही है। तटवर्ती क्षेत्रों में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।