126 वाहनों का चालान, 1.47 लाख रुपये जुर्माना वसूला
बाबूसराय। यातायात नियमों का पालन कराने के लिए यातायात पुलिस ने मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। यातायात प्रभारी राकेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाबूसराय, गोपीगंज, औराई, जंगीगंज, ज्ञानपुर और भदोही क्षेत्र में अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 126 वाहनों का चालान किया। इनमें 110 दोपहिया और 16 चारपहिया वाहन शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से कुल 1.47 लाख रुपये का जुर्माना वसूला।
पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। चेकिंग के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को रोककर आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक भी किया।
नियमों का पालन करने की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें। साथ ही वाहन के जरूरी कागजात साथ रखें और सड़क पर निर्धारित नियमों का पालन करें।
यातायात विभाग ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

