डुडवा के पास रेलवे फाटक की मांग तेज, 15 गांवों के 25 हजार लोग परेशान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डुडवा के पास रेलवे फाटक की मांग तेज, 15 गांवों के 25 हजार लोगों को रोजाना उठानी पड़ रही परेशानी

भदोही। मोढ़ क्षेत्र के डुडवा गांव के पास रेलवे फाटक नहीं होने से आसपास के करीब 15 गांवों के लगभग 25 हजार लोगों को वर्षों से आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे लाइन के उस पार जाने के लिए उन्हें महज 500 मीटर की दूरी तय करने के बजाय 8 से 10 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। लंबे समय से रेलवे फाटक की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

वाराणसी–जंघई रेलखंड पर जिले में कुल 15 रेलवे फाटक हैं, लेकिन डुडवा गांव के पास रेलवे फाटक का अभाव आज भी लोगों की सबसे बड़ी समस्या बना हुआ है। रेलवे लाइन के उस पार से जिला मुख्यालय और अन्य प्रमुख मार्गों का संपर्क होने के कारण प्रतिदिन हजारों लोग इस रास्ते से गुजरते हैं। फाटक न होने की वजह से उन्हें मोढ़ या पिपरिस रेलवे फाटक तक जाना पड़ता है, जिससे समय, दूरी और ईंधन तीनों की अतिरिक्त खपत होती है।

इस समस्या से डुडवा, धर्मपुरी, लांगनबारी, सियरहा, मनफोड़ा, नेवादा कलां, भुसौला, पिपरिस के आंशिक क्षेत्र, खोरीपुर, मोढ़ डिहवा समेत करीब 15 गांवों के लोग प्रभावित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में यह परेशानी और भी बढ़ जाती है तथा मरीजों, छात्रों और किसानों को सबसे अधिक कठिनाई उठानी पड़ती है।

ग्रामीणों के अनुसार, मोढ़ रेलवे फाटक डुडवा से करीब 3 से 4 किलोमीटर तथा पिपरिस रेलवे फाटक 4 से 5 किलोमीटर दूर है। ऐसे में रेलवे लाइन पार करने के लिए लोगों को रोजाना 8 से 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि डुडवा के पास रेलवे फाटक बना दिया जाए तो हजारों लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन भी सुरक्षित व सुगम हो जाएगा।

ग्रामीण दिनेश पाठक, रमाशंकर बिंद, हीरामणि यादव, कमलेश प्रजापति, राम कृष्ण यादव समेत अन्य लोगों ने बताया कि पिछले लगभग एक दशक से इस मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अब गांव के लोग सामूहिक रूप से रेलवे प्रशासन को ज्ञापन भेजकर जल्द रेलवे फाटक निर्माण की मांग करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो व्यापक जनआंदोलन भी किया जाएगा।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles