“सड़क नहीं तो वोट नहीं” के नारों से गूंजा सनाथपट्टी-महदेपुर, ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

“सड़क नहीं तो वोट नहीं” के नारों से गूंजा सनाथपट्टी-महदेपुर मार्ग, बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

भदोही | भारत क्रांति न्यूज़

भदोही जनपद के सुरियावां क्षेत्र स्थित सनाथपट्टी-महदेपुर मार्ग की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीण मंगलवार को सड़क पर उतर आए। हाथों में तख्तियां और पोस्टर लेकर ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया तथा जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

ग्रामीणों का आरोप है कि सनाथपट्टी-महदेपुर मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण बरसात के दिनों में जलजमाव हो जाता है। नाली की व्यवस्था नहीं होने से कीचड़ जमा रहता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग से होकर स्कूल जाने वाले बच्चे आए दिन फिसलकर गिर जाते हैं और चोटिल हो जाते हैं। कई बार आईजीआरएस (IGRS) के माध्यम से शिकायत भी दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों के हाथों में लगे पोस्टरों पर लिखा था—

– “सड़क बनाओ, वादा निभाओ”

– “सड़क नहीं तो वोट नहीं”

– “महदेपुर-सनाथपट्टी की यही पुकार, अच्छी सड़क है हमारा अधिकार”

– “अब नहीं सहेंगे अत्याचार, सड़क बनाओ तत्काल”

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और सांसद सहित सभी जनप्रतिनिधियों से कई बार सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि चुनाव के समय केवल वादे किए जाते हैं, जबकि बाद में इस सड़क की ओर कोई ध्यान नहीं देता। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि भदोही के विधायक द्वारा कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन सड़क निर्माण का कार्य आज तक शुरू नहीं हो सका।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व युवा समाजसेवी दिनेश यादव “दादा” ने किया। उनके साथ कृष्णा यादव, विश्वनाथ यादव, प्रदीप यादव, गणेश सरोज, मनोज यादव, धर्मराज यादव, मोहित सरोज, रंजीत पाल, छोटेलाल, पंधारी, भानु प्रसाद, राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा आगामी चुनाव में “सड़क नहीं तो वोट नहीं” के संकल्प के साथ लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया जाएगा।

(भारत क्रांति न्यूज़ अपील)

यदि इस मामले में संबंधित विभाग, जनप्रतिनिधि या प्रशासन अपना पक्ष रखना चाहते हैं, तो भारत क्रांति न्यूज़ उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा।

Author: Bharat Kranti News

Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

और पढ़ें

Read More Articles