भदोही में खुलेंगी 12 नई बी-पैक्स समितियां, किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिले में 12 नई बी-पैक्स समितियों की तैयारी, किसानों को गांव के पास मिलेगी खाद, बीज और ऋण सुविधा

भदोही। जिले के किसानों को कृषि संबंधी सुविधाएं उनके गांव के नजदीक उपलब्ध कराने की दिशा में सहकारिता विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। किसानों को समय पर खाद, बीज, कृषि ऋण और अन्य सहकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिले में 12 नई प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (बी-पैक्स) का गठन कर दिया गया है। इनमें से दो समितियों ने किराये के भवन से कामकाज भी शुरू कर दिया है, जबकि शेष समितियों के लिए भूमि उपलब्ध होने के बाद भवन निर्माण कराया जाएगा।

सहकारिता विभाग का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके तहत जिले में पहले से संचालित 52 साधन सहकारी समितियों का भी कंप्यूटरीकरण और आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इससे किसानों को डिजिटल माध्यम से अधिक पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक सेवाएं मिल सकेंगी।

विभाग द्वारा जिन गांवों में नई बी-पैक्स समितियों का गठन किया गया है, उनमें भिदिउरा, केदारपुर, रैपुरी, छनौरा, मंगुरा, नारेपार, बर्जीकला, रामापुर, सहसेपुर, लसमड़ा, भभौरी और नवधन शामिल हैं। इन गांवों में भूमि उपलब्ध होते ही समितियों के भवन निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर ही किसानों को सहकारी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

सहायक निबंधक, सहकारिता राम प्रकाश ने बताया कि सभी 12 नई समितियों के गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इनमें ज्ञानपुर के केदारपुर तथा औराई के भिदिउरा स्थित समितियों का संचालन फिलहाल किराये के भवन से शुरू कर दिया गया है। बाकी समितियों के लिए भूमि चिन्हित होते ही भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी।

बी-पैक्स समितियों के विस्तार से किसानों को खाद, उन्नत बीज, कृषि ऋण, सरकारी योजनाओं की जानकारी और अन्य सहकारी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। इससे किसानों का समय और खर्च दोनों बचेंगे तथा कृषि कार्यों में तेजी आएगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ कृषि उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles