सोनम वांगचुक के समर्थन में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
ज्ञानपुर। आम आदमी पार्टी (आप) की जिला इकाई ने सोमवार को जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के साथ कथित पुलिस कार्रवाई की निंदा की। पार्टी ने युवाओं के भविष्य, पेपर लीक की घटनाओं और रोजगार जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
जिलाध्यक्ष अशोक यादव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान नेताओं ने कहा कि देशभर में लगातार हो रहे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य संकट में पड़ गया है। वर्षों की मेहनत और तैयारी के बावजूद अभ्यर्थियों को बार-बार परीक्षाएं रद्द होने और नई तिथियों का इंतजार करना पड़ता है, जिससे उनमें निराशा बढ़ रही है।
पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कठोर कानून बनाया जाए तथा पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएं और भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। पार्टी नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की भी मांग उठाई।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और इसकी रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि जंतर-मंतर पर 21 दिनों से शांतिपूर्ण अनशन कर रहे सोनम वांगचुक और अन्य प्रदर्शनकारियों पर 18 जुलाई को पुलिस ने बल प्रयोग किया तथा उन्हें जबरन अस्पताल भेज दिया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और भविष्य में शांतिपूर्ण आंदोलनों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने की मांग की।
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि देश के युवाओं, छात्रों और नागरिकों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति इस मामले का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे।
इस अवसर पर पंकज कुमार, सुरेश यादव, श्यामसुंदर मौर्य, विनय कुमार बिंद, राजधर बिंद, संदीप, सुल्तान असरफ सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



