UPTET-2026 का अंतिम चरण भदोही में सकुशल संपन्न, डीएम व एसपी ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण
भदोही। भारत क्रांति न्यूज़। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 का अंतिम चरण शनिवार को जनपद भदोही में पूर्णतः सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने संयुक्त रूप से काशी नरेश विश्वविद्यालय, ज्ञानपुर स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, पहचान सत्यापन प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, स्ट्रॉन्ग रूम तथा सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा परीक्षा की निष्पक्षता एवं गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि शासन एवं परीक्षा आयोग की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभ्यर्थी को सुरक्षित एवं व्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया गया तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी गई।
वहीं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गरिमा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
जिले में UPTET-2026 के दोनों दिवसों की परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। प्रथम पाली में कुल 3072 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2825 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 247 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के सफल आयोजन पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों, पर्यवेक्षकों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पुलिस बल की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अधिकारियों ने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयास, सतत निगरानी और प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था के कारण जनपद में UPTET-2026 का आयोजन पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं गरिमापूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सका, जो प्रशासनिक दक्षता एवं बेहतर समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है।
रिपोर्ट: भारत क्रांति न्यूज़
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.


