खनन विभाग पर किसानों का फूटा गुस्सा, जिला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन
भदोही जनपद के सुरियावां थाना क्षेत्र में खनन विभाग की कथित कार्रवाई और अवैध वसूली से परेशान किसानों व ट्रैक्टर मालिकों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में किसान और वाहन मालिक जिला मुख्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने खनन विभाग के अधिकारियों पर मनमानी करने, अवैध वसूली करने और खनन माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
कुसौली निवासी जयसिंह यादव ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए संबंधित खनन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी ट्रैक्टर चालकों और किसानों को बेवजह परेशान कर रहे हैं तथा उनसे अवैध रूप से धन उगाही की जा रही है।


प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मुनेश्वर गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ईमानदारी से कार्य करने वाले किसानों और ट्रैक्टर मालिकों पर कार्रवाई कर रहा है, जबकि अवैध खनन में शामिल लोगों पर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है। इससे किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ट्रैक्टर और ट्रॉली सीज किए जाने से किसानों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है और प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा।
जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।
वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



