हेडफोन लगा रेलवे लाइन पार कर रहा था युवक, ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत
भदोही जनपद के कटका गांव में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कान में हेडफोन लगाकर रेलवे लाइन पार कर रहे एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कटका गांव निवासी 20 वर्षीय करन सोमवार की शाम घर से खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकला था। परिजनों ने बताया कि वह कान में हेडफोन लगाए हुए था। देर रात जब वह कटका रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे लाइन पार कर रहा था, तभी प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रेन वहां पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि हेडफोन लगे होने के कारण युवक ट्रेन की आवाज नहीं सुन सका और देखते ही देखते वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस और परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
परिजनों के मुताबिक, मृतक के पिता पंधारी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। करन की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद रेलवे लाइन पार करते समय सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों का कहना है कि मोबाइल और हेडफोन के इस्तेमाल के कारण इस तरह के हादसे लगातार बढ़ रहे हैं
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।






