युवती की मौत मामले में गिरफ्तारी की मांग को लेकर गोपीगंज थाने पर प्रदर्शन
भदोही जनपद के गोपीगंज थाना क्षेत्र में युवती की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिजनों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार को गोपीगंज थाने पर धरना-प्रदर्शन किया गया।
जानकारी के अनुसार, मृतका के परिजनों ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि एक युवक ने शादी का झांसा देकर युवती का शोषण और मानसिक उत्पीड़न किया। परिजनों का कहना है कि लगातार प्रताड़ना के चलते युवती की मौत हुई। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी प्रकरण को लेकर अन्नदाता किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव शिव कुमार सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण गोपीगंज थाने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान थाने के बाहर काफी देर तक नारेबाजी भी की गई।
धरना दे रहे लोगों का कहना था कि यदि समय रहते आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
धरना-प्रदर्शन में रामसजीवन एडवोकेट, राजू प्रधान, सहाना बेगम, विद्याशंकर, सरस्वती, सुशीला, अनवर अली, रमेश चंद गौतम, संतोष कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।




