अहिमनपुर में अनियंत्रित कार गड्ढे में पलटी, दो घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अनियंत्रित कार गड्ढे में पलटी, दो घायल

नगर के अहिमनपुर स्थित बीएसएनएल कार्यालय के पास शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में एक अनियंत्रित कार गड्ढे में पलट गई, जिससे उसमें सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खमरिया बरतर निवासी शकील अहमद अपने मौसी के बेटे अरसलाम के साथ शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे कार से किसी कार्य से निकले थे। जब उनकी कार अहिमनपुर स्थित बीएसएनएल कार्यालय के समीप पहुंची, तभी अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा पलटी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और दोनों युवक अंदर फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। हादसे में शकील अहमद और अरसलाम को चोटें आई हैं। दोनों को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे बने गड्ढे को हादसे का कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति और गड्ढों को लेकर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles