गोपीगंज में मिनी ट्यूबवेल और आरओ वाटर कूलर की सौगात, वार्ड नंबर चार की पेयजल समस्या होगी दूर
गोपीगंज। नगर पालिका परिषद गोपीगंज के वार्ड संख्या चार में पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। नगर पालिका की ओर से क्षेत्र में पांच हॉर्स पावर क्षमता वाले मिनी ट्यूबवेल और आरओ वाटर कूलर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बृहस्पतिवार को उसका विधिवत उद्घाटन किया गया। पालिकाध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता ने फीता काटकर परियोजना का लोकार्पण किया और इसे आम जनता को समर्पित किया।
कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। चेयरमैन अपने खड़हट्टी स्थित प्रतिष्ठान से डीजे और समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में छोटी चौमुहानी पहुंचे। वहां वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच आरओ वाटर कूलर का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के बाद लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया गया।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि यह कार्य 15वें वित्त आयोग के बजट से कराया गया है, जिस पर करीब 5.30 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय माता चरण मोदनवाल की स्मृति में नगरवासियों को यह सौगात दी गई है। नगर के विकास और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका लगातार पेयजल, सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रही है। चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि नगर के हर वार्ड तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि नए मिनी ट्यूबवेल को पुराने पाइपलाइन नेटवर्क से जोड़ दिया गया है, जिससे क्षेत्र में जलापूर्ति पहले की तुलना में अधिक सुचारु और बेहतर हो सकेगी। इससे सुबह और शाम के समय घरों तक पर्याप्त दबाव के साथ पानी पहुंचेगा। लंबे समय से पानी की समस्या झेल रहे वार्डवासियों ने इस पहल पर खुशी जताई और नगर पालिका का आभार व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या काफी बढ़ जाती थी, लेकिन अब मिनी ट्यूबवेल और आरओ वाटर कूलर लगने से लोगों को राहत मिलेगी। सार्वजनिक स्थान पर आरओ वाटर कूलर लगाए जाने से राहगीरों और बाजार आने वाले लोगों को भी स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध हो सकेगा।
इस मौके पर वार्ड सभासद डॉ. आनंद मोदनवाल, संजय गुप्ता, कृष्ण कुमार खटाई, राजेश परदेशी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।







