मदरसा इस्लामिया गुलशन-ए-मदीना में जश्ने दस्तार-ए-हिफ्ज का भव्य आयोजन, देर रात तक गूंजती रहीं नातें और तकरीरें
सुरियावां क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान मदरसा इस्लामिया गुलशन-ए-मदीना में बुधवार देर शाम जश्ने दस्तार-ए-हिफ्ज का भव्य एवं रूहानी आयोजन किया गया। धार्मिक उत्साह, इल्मी माहौल और कुरान पाक की तालीम की खुशबू से महका यह कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा। कार्यक्रम में क्षेत्र भर से आए उलेमा-ए-एकराम, समाजसेवी, राजनीतिक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम लोगों ने शिरकत कर बच्चों की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर हसनैन कुंदीपुर सुरियावा, मोहम्मद जाबिर गोपीगंज, मोहम्मद सेराज बनारस तथा मोहम्मद शाहिद बनारस ने पूरे कुरान शरीफ को कंठस्थ कर हाफिज-ए-कुरान बनने का सम्मान प्राप्त किया। इस्लामी परंपरा के अनुसार जब कोई छात्र संपूर्ण कुरान शरीफ को याद कर लेता है, तो उसकी हौसला अफजाई और सम्मान के लिए दस्तारबंदी की रस्म अदा की जाती है। इसी सिलसिले में चारों छात्रों के सम्मान में जश्ने दस्तार-ए-हिफ्ज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत तिलावत-ए-कुरान से हुई, जिसके बाद मशहूर नातख्वां शाहिद रजा एवं जनाब एहसान शाकिर ने अपनी खूबसूरत और दिलों को छू लेने वाली नातों से महफिल को रूहानी रंग में रंग दिया। नातिया कलाम सुनकर उपस्थित लोग झूम उठे और पूरा माहौल इबादत व मोहब्बत-ए-रसूल से सराबोर हो गया।
इसके बाद उलेमा-ए-एकराम ने अपने विचार व्यक्त किए। मौलाना नफीस साहब, मौलाना फैसल हुसैन अशरफी सहित अन्य विद्वानों ने अपने तकरीरों में कहा कि कुरान की तालीम इंसान को सही राह दिखाती है और समाज में अमन, भाईचारा तथा इंसानियत का पैगाम देती है। उन्होंने बच्चों को दीन और दुनियावी दोनों तरह की शिक्षा हासिल करने की नसीहत देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कारों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
कार्यक्रम का सबसे खास पल उस समय आया जब हजरत मौलाना मुफ्ती बदरे आलम मिस्बाही के मुबारक हाथों से चारों बच्चों की दस्तारबंदी की गई। जैसे ही बच्चों के सिर पर दस्तार सजाई गई, पूरा पंडाल “नारे तकबीर” और दुआओं से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने बच्चों एवं उनके अभिभावकों को मुबारकबाद दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए दुआएं कीं।
मदरसे के प्रबंधक मोहर्रम अली ने आए हुए सभी मेहमानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मदरसा बच्चों को दीन के साथ-साथ बेहतर इंसान बनाने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में सदर रऊफ हाशमी, मैनेजर इजराइल अंसारी, गुलाम रसूल, हाफिज महताब अंसारी, मौलाना रिजवान अहमद, हाफिज सेफ, राजा कादरी, हाफिज फारूक अनवर, हाफिज मोहम्मद नईम, हाफिज मोहम्मद शफीक एवं परवेज अंसारी ने अहम भूमिका निभाई।
इस दौरान समाज एवं राजनीति से जुड़े कई प्रमुख लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इनमें समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आरिफ सिद्दीकी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष वसीम अंसारी, हाजी सुहैल साहब, गुलाब राईन, शादाब अहमद, गुलाम अंसारी, परवेज अहमद, जनाब एजाज अख्तर, मजीद मंसूरी, मौलाना बदरे आलम मिस्बाही साहब एवं जनाब शाहनवाज आलम साहब सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में देश, कौम और समाज में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए विशेष दुआ कराई गई। आयोजन के सफल संपन्न होने पर क्षेत्र के लोगों ने मदरसा प्रबंधन की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और धार्मिक जागरूकता की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताया।
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.








