श्रमिकों और मुसहर बस्ती के 260 बच्चों का स्कूलों में नामांकन, डीएम ने कहा- कोई बच्चा शिक्षा से न रहे वंचित
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में मंगलवार को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से विशेष नामांकन शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ईंट-भट्ठों पर कार्य करने वाले श्रमिक परिवारों तथा मुसहर बस्तियों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना था। कार्यक्रम के दौरान कुल 260 बच्चों का विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में नामांकन कराया गया। साथ ही सभी बच्चों को निःशुल्क ड्रेस, पाठ्यपुस्तकें और स्कूल बैग वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनका नाम, कक्षा और पढ़ाई से जुड़ी बातें पूछीं तथा नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। डीएम ने आकांक्षा, मनीषा और विशाल नामक तीन बच्चों का नाम प्रवेश पंजिका में स्वयं दर्ज कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। बच्चों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार है और प्रशासन की प्राथमिकता है कि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ईंट-भट्ठों, मुसहर बस्तियों और अन्य वंचित क्षेत्रों में लगातार संपर्क अभियान चलाया जाए। ऐसे परिवारों को जागरूक कर बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा विद्यालय से दूर न रह जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के बेहतर भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने बताया कि विभाग की ओर से विशेष सर्वे अभियान चलाकर ऐसे बच्चों की पहचान की जा रही है, जो अभी तक स्कूल नहीं पहुंच सके हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और शिक्षा विभाग के प्रयासों के चलते जिला नामांकन के मामले में प्रदेश में लगातार पहले स्थान पर बना हुआ है। विभाग का लक्ष्य है कि हर जरूरतमंद बच्चे को शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।





