समाज कल्याण विभाग के 7 कर्मियों का वेतन रोका

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

योजनाओं में लापरवाही पर डीएम सख्त, सात कर्मियों का वेतन रोका

भदोही में समाज कल्याण विभाग की कार्यशैली पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को विकास भवन सभागार में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने योजनाओं की धीमी प्रगति, लाभार्थियों के सत्यापन में लापरवाही और कर्मचारियों की अनुशासनहीनता पर नाराजगी जताई। निरीक्षण में सात कर्मचारी बिना सूचना अनुपस्थित मिले, जिनका एक दिन का वेतन रोकने का आदेश तत्काल जारी कर दिया गया।

बैठक में डीएम ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक हर हाल में पहुंचना चाहिए। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाकर सभी पेंशन लाभार्थियों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराया जाए। जिन लाभार्थियों की मृत्यु हो चुकी है या जो अपात्र पाए जाते हैं, उनके नाम सूची से तुरंत हटाए जाएं। साथ ही ऐसे पात्र लोगों को चिन्हित किया जाए जो अब तक योजनाओं का लाभ नहीं ले सके हैं।

जिलाधिकारी ने इस कार्य के लिए समय सीमा तय करते हुए अधिकारियों से प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण विभाग के प्रधान लिपिक संजय राय, कनिष्ठ लिपिक विकास पाठक समेत कुल सात कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। डीएम ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए सभी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।

कन्या सुमंगला योजना की समीक्षा के दौरान कई ब्लॉकों और ग्राम पंचायतों से अपेक्षित आवेदन न आने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों से आवेदन नहीं आ रहे हैं, वहां विशेष जागरूकता अभियान चलाकर पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जाए।

अभ्युदय योजना में भी नए सत्र के लिए आवेदन संख्या बढ़ाने पर जोर दिया गया। डीएम ने कहा कि विद्यार्थियों तक योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और ग्राम स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्र लाभान्वित हो सकें।

बैठक में विभागीय रिपोर्ट सही ढंग से प्रस्तुत न कर पाने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई। जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि सभी अधिकारी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, अन्यथा भविष्य में और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles