बावन बीघा धाम में 15 मई को गूंजेगा सनातन का संदेश, शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज देंगे आशीर्वचन
भदोही जनपद के सुरियावा क्षेत्र स्थित बावन बीघा धाम में 15 मई, शुक्रवार को एक भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। श्री महावीर हनुमान जी तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में ज्योतिषपीठ बद्रीकाश्रम के पीठाधीश्वर एवं प्रख्यात सनातन धर्माचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का आगमन सुनिश्चित हुआ है।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार शंकराचार्य महाराज प्रातः 9 बजे श्री महावीर हनुमान जी तीर्थ क्षेत्र बावन बीघा पहुंचेंगे। आगमन के पश्चात वे मंदिर परिसर में विराजमान बड़े हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर आशीर्वचन प्रदान करेंगे।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के संरक्षण को लेकर देशभर में निरंतर जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उनके प्रवचन सुनने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में बावन बीघा धाम में उनके आगमन को लेकर भक्तों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, पेयजल और प्रसाद वितरण की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ट्रस्ट की ओर से सभी श्रद्धालुओं से समय से पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण भी किया जाएगा। आयोजकों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

