शनि जयंती पर शनि धाम फकीरपुर बैदा में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, 16 मई को होगा भव्य आयोजन
भदोही जनपद के गोपीगंज क्षेत्र अंतर्गत स्थित फकीरपुर बैदा का प्रसिद्ध शनि धाम मंदिर आगामी 16 मई को शनि जयंती के अवसर पर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहेगा। भगवान शनिदेव के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंदिर समिति एवं स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा इस आयोजन को भव्य रूप देने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शनि जयंती के दिन प्रातःकाल भगवान शनिदेव का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष अभिषेक एवं पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। आयोजन के दौरान भगवान शनिदेव के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ केक भी काटा जाएगा।
शनि जयंती को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। मान्यता है कि इस दिन भगवान शनिदेव की विधि-विधान से पूजा करने पर शनि दोष से मुक्ति मिलती है तथा जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। इसी आस्था के चलते हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शनि धाम पहुंचते हैं।
मंदिर परिषद ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान शनिदेव का दर्शन-पूजन करें और धार्मिक आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें। आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए स्वयंसेवकों की भी तैनाती की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
