प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, मामला पहुंचा थाने; पुलिस की पहल पर सुलझा रास्ते का विवाद, मार्ग हुआ चालू
भदोही (कोइरौना)। कोइरौना थाना क्षेत्र के सेमराध चौकी अंतर्गत इनारगांव की माली बस्ती में रास्ते को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद शुक्रवार को पुलिस की पहल से सुलझ गया। दोनों पक्षों की सहमति के बाद अवरुद्ध रास्ते को खुलवा दिया गया, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिली।
बताया जाता है कि माली बस्ती निवासी कड़ेदीन माली और सूबेदार माली के बीच काफी समय से रास्ते को लेकर विवाद चला आ रहा था। इसी दौरान शुक्रवार को एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने गांव पहुंच गया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला थाने तक जा पहुंचा।
विवाद के चलते कड़ेदीन माली के परिवार की महिलाओं ने पुराने खड़ंजे वाले रास्ते पर बांस और अन्य सामान रखकर रास्ता बंद कर दिया था, जिससे आसपास के लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सेमराध चौकी इंचार्ज संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। उन्होंने दोनों परिवारों को समझाते हुए आपसी सहमति से विवाद खत्म करने की सलाह दी। पुलिस की मध्यस्थता के बाद दोनों पक्ष रास्ता खोलने के लिए राजी हो गए।
इसके बाद रास्ते पर रखे गए बांस और अन्य अवरोधों को हटवाकर मार्ग को दोबारा चालू कराया गया। रास्ता खुलने से स्थानीय ग्रामीणों ने राहत महसूस की और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
पुलिस ने दोनों पक्षों को भविष्य में इस तरह का विवाद न करने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की हिदायत भी दी है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
