भदोही में युवक की पीट-पीटकर हत्या, होली पर हुए विवाद के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
भदोही। होली के दिन हुए विवाद के बाद एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले में भदोही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। मृतक की पहचान विशाल उर्फ सोनू सरोज के रूप में हुई है, जिसका शव सियरहा गांव में मिला था।
पुलिस के अनुसार 5 मार्च 2026 को सुरेंद्र प्रताप सरोज निवासी सियरहा ने भदोही कोतवाली में लिखित तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 4 मार्च को होली के दिन उनका बेटा विशाल उर्फ सोनू सरोज अपने दोस्त विनय सरोज के साथ मोढ़ बाजार शराब लेने गया था।
तहरीर के मुताबिक रात करीब 9 से 10 बजे के बीच विशाल का मोढ़ निवासी भोनू हलवाई और सोनू हलवाई पुत्रगण गौरीशंकर से विवाद हो गया। झगड़े के दौरान विनय डरकर मौके से भाग गया। आरोप है कि विशाल को अकेला पाकर दोनों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर भदोही थाने में मुकदमा अपराध संख्या 93/26 धारा 105 बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) तथा 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर 5 मार्च को सुरियावां-भदोही रोड स्थित मकनपुर तिराहे से दोनों आरोपियों भोनू हलवाई (35) और सोनू हलवाई (40) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर दिया गया।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
