मनरेगा को कमजोर कर रही केंद्र सरकार : सुरेश गौतम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनरेगा को कमजोर कर रही केंद्र सरकार : सुरेश गौतम

बाबूसराय।
कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत सोमवार को औराई विकासखंड के नकटापुर गांव में चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना के नाम में किए गए बदलाव और इसके क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।

कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सुरेश गौतम ने कहा कि मनरेगा योजना देश के गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण परिवारों के लिए जीवनरेखा है। यह योजना सिर्फ रोजगार ही नहीं देती, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार इस योजना को कमजोर करने की दिशा में कदम उठा रही है, जिससे मजदूरों को समय से काम और मजदूरी नहीं मिल पा रही है।

जिला महासचिव अवधेश पाठक ने कहा कि मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार कानूनन अधिकार है, लेकिन हकीकत में मजदूरों को न तो पूरा काम मिल रहा है और न ही मजदूरी का भुगतान समय से हो पा रहा है। यह सीधे तौर पर मजदूरों के संवैधानिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा को बचाने के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखेगी।

युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव नाजिम अली ने कहा कि वर्तमान समय में ग्रामीण बेरोजगारी एक गंभीर समस्या बन चुकी है। मनरेगा ही एकमात्र ऐसी योजना है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में पलायन को रोकने का काम करती है। उन्होंने कहा कि इस योजना को और मजबूत करने के बजाय कमजोर किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस पार्टी गांव-गांव जाकर आम जनता को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही है।

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने भी मनरेगा में आ रही दिक्कतों को सामने रखा और समय से काम व मजदूरी दिलाने की मांग की। कार्यक्रम में लक्ष्मीशंकर चौबे, जय प्रकाश शुक्ला, कमलेश शुक्ला, केशव सरोज, अशोक सरोज, बैजनाथ सरोज, रमेश चौबे, राधा देवी, आरती देवी, सुशीला गौतम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles