मध्यस्थता अभियान के जरिए लंबित मामलों का होगा शीघ्र निस्तारण : जिला जज
ज्ञानपुर।
न्यायालयों में वर्षों से लंबित मामलों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान को जिले में व्यापक रूप से लागू किया जाएगा। इस अभियान के तहत आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों को सुलझाकर वादकारियों को शीघ्र न्याय दिलाने पर जोर दिया जाएगा। यह बातें जिला जज अखिलेश दूबे ने कही।
बृहस्पतिवार को विश्राम कक्ष में आयोजित न्यायिक अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला जज ने अभियान की रूपरेखा और क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि मध्यस्थता एक सरल, सुलभ और कम खर्चीली प्रक्रिया है, जिससे न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम होगा और पक्षकारों के बीच सौहार्दपूर्ण समाधान संभव हो सकेगा।
जिला जज ने बताया कि मध्यस्थता अभियान के तहत वैवाहिक विवादों, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों, घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों, चेक बाउंस प्रकरणों, वाणिज्यिक विवादों, सेवा संबंधी मामलों, शमनीय आपराधिक मामलों, उपभोक्ता विवादों, ऋण वसूली से संबंधित प्रकरणों सहित अन्य उपयुक्त मामलों को चिन्हित कर निस्तारित किया जाएगा।
उन्होंने सभी न्यायिक अधिकारियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक मामलों को मध्यस्थता के लिए प्रेरित करें और पक्षकारों को इसके लाभों की जानकारी दें। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि न्यायालयीन प्रक्रिया से जुड़े तनाव और खर्च में भी कमी आएगी।
बैठक में रत्नेश मणि त्रिपाठी, वंश बहादुर यादव, अमित वर्मा, लोकेश मिश्रा, आनंद मिश्रा, तरूणिमा पांडेय सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



