बांदा को हराकर सेवाश्रम इंटर कॉलेज सुरियावां बना चैंपियन
राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, एक लाख नकद व ट्रॉफी पर कब्जा
सुरियावां।
महर्षि आज़ाद स्टेडियम मेढ़ी में तेजधर ब्रह्मबाबा खेल समिति की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को रोमांचक अंदाज़ में खेला गया। फाइनल में सेवाश्रम इंटर कॉलेज सुरियावां ने बांदा की मजबूत टीम को छह विकेट से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांदा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाए। बांदा की ओर से राहुल राज ने 43 गेंदों पर 82 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि सौरभ प्रताप ने 19 गेंदों पर 42 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेवाश्रम इंटर कॉलेज सुरियावां की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 18.4 ओवर में चार विकेट खोकर 195 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।
टीम की ओर से यश ने 31 गेंदों पर 54 रनों की विस्फोटक पारी खेली। वहीं अनुराग राघव ने 33 गेंदों पर नाबाद 52 रन और दुर्गा चरण ने नाबाद 29 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
बांदा की ओर से गेंदबाजी में वैभव पाल ने तीन ओवर में 32 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि ध्रुव प्रताप सिंह ने तीन ओवर में 41 रन देकर एक विकेट चटकाया।
फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि मड़ियाहू विधायक डॉ. आरके पटेल और आयोजक प्रतीक महर्षि दुबे ने विजेता व उपविजेता टीमों को सम्मानित किया।
विजेता सेवाश्रम इंटर कॉलेज सुरियावां को एक लाख रुपये नकद व ट्रॉफी, जबकि उपविजेता बांदा टीम को 50 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी प्रदान की गई।
इस अवसर पर विधायक डॉ. आरके पटेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने सुरियावां क्षेत्र में भविष्य में मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए हरसंभव प्रयास का आश्वासन दिया।
आयोजक प्रतीक महर्षि दुबे ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण अंचल की छिपी प्रतिभाओं को पहचान दिलाना है।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, अमर बहादुर सिंह, सुरेश चंद्र मिश्रा, मोनू मिश्रा, विजयशंकर राय, राजमणि पांडेय, मथुरा प्रसाद यादव, दिनेश यादव दादा, जमींदार बिंद, राजकुमार सरोज सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


