फर्जी दस्तावेज से जमीन की रजिस्ट्री, 6.40 लाख रुपये की ठगी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फर्जी दस्तावेज से जमीन की रजिस्ट्री, 6.40 लाख रुपये की ठगी

दो साल बाद दर्ज हुआ मुकदमा, आरोपी पर गंभीर आरोप

ज्ञानपुर। भदोही जिले के कुशियरा गांव में फर्जी दस्तावेजों के सहारे जमीन की रजिस्ट्री कराकर 6.40 लाख रुपये की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। यह मामला मई 2023 का बताया जा रहा है।

परगासपुर गांव निवासी बालकृष्ण मौर्य ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि कुशियरा गांव निवासी शरद चंद्र दूबे ने स्वयं को जमीन का मालिक बताते हुए उसे बेचने का प्रस्ताव दिया था। आरोपी ने जमीन से संबंधित फर्जी व कूटरचित दस्तावेज दिखाए और विश्वास में लेकर रजिस्ट्री कार्यालय में विधिवत रजिस्ट्री करा दी।

रजिस्ट्री के बाद पीड़ित ने आरोपी को कुल 6 लाख 40 हजार रुपये का भुगतान किया। कुछ समय बीतने पर जब पीड़ित ने जमीन से जुड़ी जानकारी दोबारा खंगाली तो पता चला कि जिस जमीन की रजिस्ट्री कराई गई है, उसके दस्तावेज फर्जी हैं और आरोपी का उस जमीन से कोई लेना-देना नहीं है।

पीड़ित के अनुसार, जब उसने आरोपी से अपने रुपये वापस मांगने शुरू किए तो शरद चंद्र दूबे ने पहले 1 लाख 60 हजार रुपये लौटा दिए, लेकिन शेष 4 लाख 80 हजार रुपये देने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि बार-बार रुपये की मांग करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे पीड़ित भयभीत हो गया।

मामले को लेकर प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी शरद चंद्र दूबे के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और धमकी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles