तीन करोड़ से बनेंगे 36 अन्नपूर्णा भवन, पीडीएस व्यवस्था होगी मजबूत
ज्ञानपुर।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिले में 36 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इन भवनों के माध्यम से उपभोक्ताओं को न सिर्फ सरकारी राशन उपलब्ध होगा, बल्कि कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की सुविधाओं का भी लाभ मिल सकेगा।
36 अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण पर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके लिए शासन की ओर से पहली किस्त के रूप में डेढ़ करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। प्रत्येक भवन के निर्माण पर आठ लाख 47 हजार रुपये खर्च होंगे।
प्रदेश में डोर स्टेप डिलीवरी योजना के तहत सिंगल स्टेज व्यवस्था लागू है, जिसमें राशन ट्रांसपोर्टरों के माध्यम से सीधे कोटेदारों तक पहुंचाया जाता है। हालांकि, गांवों में सकरे रास्तों और दुकानों की समस्या के कारण कई बार राशन वहां तक नहीं पहुंच पाता था। इससे समय पर राशन वितरण न होने और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती थीं।
इन समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर से वर्ष 2022 में प्रदेश के सभी जिलों में 75-75 मॉडल दुकानों के निर्माण के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत वर्ष 2023-24 में 72 भवनों और 2024-25 में 30 भवनों को स्वीकृति मिली थी। अब तक 50 से अधिक अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष भवन निर्माणाधीन हैं।
शासन ने वर्ष 2025-26 के लिए जिले में 36 नए अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण की मंजूरी दी है। इन सभी भवनों का निर्माण पूर्ति विभाग के माध्यम से कराया जाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायतों में भूमि चिह्नित की जा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि 36 अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। प्रत्येक भवन पर आठ लाख 47 हजार रुपये खर्च होंगे। पहली किस्त के रूप में डेढ़ करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। जमीन चिह्नित कर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
