कोहरे की चपेट में आया हादसा, दो बाइक की टक्कर में प्रयागराज निवासी की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

घने कोहरे के कारण आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, प्रयागराज निवासी की मौत से गांव में शोक

ऊंज।
क्षेत्र के रमईपुर गांव के पास कलिजंरा–सुरियावां मार्ग पर शनिवार की सुबह घने कोहरे के चलते दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में प्रयागराज जिले के शेरपुर सरायममरेज निवासी राधेश्याम वनवासी (54) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राधेश्याम वनवासी बाइक से अपने किसी रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। जैसे ही वह रमईपुर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राधेश्याम सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

ग्रामीणों का कहना है कि सुबह के समय क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे सड़क पर दृश्यता बेहद कम हो गई थी। इसी वजह से दोनों बाइक सवार एक-दूसरे को समय रहते नहीं देख सके और यह हादसा हो गया।

सूचना मिलते ही ऊंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में शामिल दूसरी बाइक सवार युवक को भी चोटें आई थीं, लेकिन वह इलाज कराने के बहाने मौके से फरार हो गया।

ऊंज थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि फरार बाइक सवार की तलाश की जा रही है। अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इधर, राधेश्याम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles