9.40 लाख के मनरेगा घोटाले में बड़ी कार्रवाई, घसकरी गांव के तीन वीडीओ निलंबित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

9.40 लाख के मनरेगा घोटाले में बड़ी कार्रवाई, घसकरी गांव के तीन ग्राम विकास अधिकारी निलंबित

ज्ञानपुर।
भदोही ब्लॉक के घसकरी गांव में सामने आए 9 लाख 40 हजार रुपये के मनरेगा घोटाले ने प्रशासनिक तंत्र को हिला कर रख दिया है। मामले में लापरवाही और मिलीभगत पाए जाने पर जिला विकास अधिकारी ज्ञानप्रकाश ने तीन ग्राम विकास अधिकारियों कौशल, पूजा और रूचि मौर्या को निलंबित कर दिया है।

इससे पहले ग्राम प्रधान मनीष यादव के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार जिलाधिकारी शैलेष कुमार द्वारा सीज किए जा चुके हैं। घोटाले की शिकायत करने वाले ग्रामीण कमलाकांत दूबे की हाल ही में हुई हत्या के बाद यह प्रकरण और भी गंभीर हो गया है।

शिकायत से खुला घोटाले का राज

घसकरी गांव निवासी कमलाकांत दूबे ने कुछ माह पूर्व गांव में कराए गए विकास कार्यों और मनरेगा भुगतान में धांधली का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा था। इसके बाद जिला पंचायत राज अधिकारी संजय कुमार मिश्रा को जांच सौंपी गई।

जांच में सामने आया कि मनरेगा के तहत फर्जी तरीके से भुगतान किया गया। ग्राम प्रधान ने अपने भाई, भतीजे, रिश्तेदारों और पड़ोसियों के नाम मजदूरी दिखाकर धन निकासी की। इसके अलावा घर के सदस्यों के नाम बनी फर्मों को भी नियम विरुद्ध भुगतान किया गया।

जांच में सामने आए आंकड़े

जांच रिपोर्ट के अनुसार—

  • फर्मों को अनियमित भुगतान: 4,93,544 रुपये

  • मनरेगा मजदूरी में गबन: 3,14,744 रुपये

  • अन्य मदों में अनियमित भुगतान: 1,41,415 रुपये

इस प्रकार कुल 9,40,703 रुपये के गबन की पुष्टि हुई।

रिकवरी नोटिस और अधिकार सीज

प्रशासन ने नवंबर माह में ग्राम प्रधान और तीनों वीडीओ को रिकवरी नोटिस जारी किया था। संतोषजनक जवाब न मिलने पर जिलाधिकारी ने प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज कर दिए थे। इसके बावजूद मामले में सुधार नहीं होने पर अब निलंबन की कार्रवाई की गई है।

शिकायतकर्ता की हत्या से बढ़ा मामला

बीते बुधवार को शिकायतकर्ता कमलाकांत दूबे की कार से कुचलकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात में ग्राम प्रधान समेत चार लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने प्रधान सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।

प्रशासनिक हलकों में हड़कंप

घोटाले और हत्या की घटना के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे और भी कार्रवाई हो सकती है। निलंबित वीडीओ के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles