ग्राइंडर से पति के टुकड़े करने वाली ‘मुस्कान’ पर बड़ा खुलासा
संभल (चंदौसी)। ग्राइंडर से पति राहुल की निर्मम हत्या करने वाली रूबी को लेकर पुलिस जांच में लगातार चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अब सामने आया है कि रूबी आपराधिक प्रवृत्ति की थी और ब्लैकमेल कर वसूली भी करती थी। पुलिस महिला और उसके प्रेमियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।
छह से सात मुकदमे, ब्लैकमेलिंग से वसूली
पुलिस को जानकारी मिली है कि रूबी पर चंदौसी समेत विभिन्न थानों में छह से सात रिपोर्ट दर्ज कराई गई थीं। इनमें से कुछ मामलों को खत्म कराने के नाम पर उसने ब्लैकमेल कर वसूली की थी।
अभिषेक से लिए थे डेढ़ लाख रुपये
करीब डेढ़ महीने पहले सैनिक चौराहे पर जमीन खाली कराने के नाम पर रूबी ने अपने प्रेमी अभिषेक से डेढ़ लाख रुपये लिए थे। विरोध होने पर विवाद हुआ, जिसके बाद रूबी ने मारपीट और छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
तीन महीने में बढ़ी गौरव से नजदीकी
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के आरोपी गौरव से रूबी की नजदीकी महज तीन महीने में ही काफी बढ़ गई थी। इसके बाद उसने अपने दूसरे प्रेमी अभिषेक से दूरी बना ली थी।
कॉल डिटेल से कई लोगों से संपर्क की पुष्टि
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि महिला की कॉल डिटेल से साफ है कि वह कई लोगों के संपर्क में थी। इसकी पुष्टि स्थानीय लोगों ने भी की है। राहुल इस बात से परेशान रहता था, लेकिन रूबी विवाद करने लगती थी।
शहर छोड़ने और मकान बेचने की थी साजिश
हत्या के बाद रूबी और गौरव शहर छोड़ना चाहते थे, लेकिन शक से बचने के लिए कुछ समय अलग-अलग जगहों पर रहने की योजना बना रहे थे। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे मकान बेचकर कहीं और बसने की तैयारी में थे।
बच्चों का टूटा सहारा, मकान पड़ा सुनसान
राहुल की मौत और रूबी के जेल जाने के बाद दोनों बच्चे—10 वर्षीय बेटी दिव्या और 12 वर्षीय बेटा कृष्णा—रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। मोहल्ला चुन्नी स्थित मकान अब सुनसान पड़ा है।
जूता-चप्पल का काम करता था राहुल
मृतक राहुल मूल रूप से थाना रजपुरा के गांव गवां का रहने वाला था। वह पहले राजमिस्त्री था, शादी के बाद चंदौसी में बसकर जूता-चप्पल का काम करने लगा था।
डीएनए टेस्ट कराएगी पुलिस
एसपी ने बताया कि राहुल के शव का डीएनए सुरक्षित कर लिया गया है। बच्चों से डीएनए मिलान कराकर आरोपियों को सख्त सजा दिलाने की तैयारी है।
यह है पूरा मामला
यूपी के संभल जिले के चंदौसी स्थित मोहल्ला चुन्नी में अवैध संबंधों में बाधक बने राहुल की उसकी पत्नी रूबी और प्रेमी गौरव ने हत्या कर दी। लोहे की रॉड और मूसल से वार के बाद शव को छिपाने के लिए ग्राइंडर से टुकड़े किए गए और गंगा व नाले में फेंक दिया गया।
18 नवंबर से लापता राहुल की गुमशुदगी खुद रूबी ने दर्ज कराई थी। 15 दिसंबर को नाले में धड़ मिलने के बाद जांच आगे बढ़ी और शव की बाजू पर गुदे ‘राहुल’ नाम से पहचान हुई। सख्त पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या की बात कबूल कर ली।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

