शादी-विवाह के सीजन में आर्टिफिशियल ज्वेलरी की बढ़ी मांग, महिलाओं की पहली पसंद बने आकर्षक डिजाइन
भदोही। शादी-विवाह का सीजन शुरू होते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। शुक्रवार से बैंड-बाजे की धुन के बीच शहनाइयां गूंजने लगेंगी। ऐसे में लोग शादी की तैयारियों में जुटे हुए हैं। सोने और चांदी की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच आर्टिफिशियल ज्वेलरी महिलाओं की पहली पसंद बनकर उभरी है। कम कीमत में आकर्षक डिजाइन और शानदार लुक मिलने के कारण इन गहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है।
शादी-विवाह में सजने-संवरने के लिए महिलाएं अब सोने-चांदी के महंगे आभूषणों के साथ ही आर्टिफिशियल ज्वेलरी को भी प्राथमिकता दे रही हैं। ज्ञानपुर, नई बाजार, भदोही, सुरियावां, गोपीगंज और औराई सहित जिले के प्रमुख बाजारों में सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है।
भदोही में सौंदर्य प्रसाधन की दुकान संचालित करने वाले बबलू राइन ने बताया कि बाजार में विभिन्न डिजाइन और रेंज के आर्टिफिशियल गहने उपलब्ध हैं। ब्राइडल सेट की कीमत 1200 से पांच हजार रुपये तक है, जबकि चोकर सेट 250 से एक हजार रुपये तक मिल रहे हैं। पतले स्टोन सेट 100 से 200 रुपये और ईयररिंग सेट एक हजार से छह हजार रुपये तक उपलब्ध हैं।
एक ग्राम गोल्ड सेट की सबसे अधिक मांग
दुकानदार के अनुसार, इन दिनों बाजार में एक ग्राम गोल्ड सेट की सबसे अधिक मांग है। हल्के वजन, आकर्षक डिजाइन और टिकाऊ पॉलिश के कारण महिलाएं इन्हें खूब पसंद कर रही हैं। सामान्य गुणवत्ता वाले एक ग्राम गोल्ड सेट 500 से 700 रुपये तक उपलब्ध हैं। वहीं, बेहतर क्वालिटी और आकर्षक डिजाइन वाले सेट की कीमत दो हजार से 10 हजार रुपये तक है।
सोने-चांदी के बढ़ते दामों के बीच कम बजट में शादी के लिए आकर्षक आभूषण खरीदने का विकल्प मिलने से आर्टिफिशियल ज्वेलरी का बाजार गुलजार है। खासकर दुल्हन के लिए ब्राइडल सेट से लेकर चोकर, स्टोन और ईयररिंग्स तक की खरीदारी में महिलाएं दिलचस्पी दिखा रही हैं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
