भदोही: बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर 21 नवंबर तक आपत्ति का मौका, अब तक आईं 25 शिकायतें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर 21 नवंबर तक आपत्ति दर्ज कराने का मौका, अब तक आईं 25 शिकायतें

27 नवंबर तक जारी होगी परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची, जिले में 52,843 परीक्षार्थी देंगे हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा

भदोही। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में अनुमोदित 90 परीक्षा केंद्रों को लेकर विद्यालयों से एक बार फिर आपत्तियां मांगी गई हैं। आपत्ति दर्ज कराने के लिए 21 नवंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। दो दिनों के भीतर ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से अब तक 25 आपत्तियां प्राप्त हो चुकी हैं। अंतिम तिथि तक इनकी संख्या में और इजाफा होने की संभावना है।

आपत्तियों के निस्तारण के लिए जिला एवं तहसील स्तरीय समितियां एक बार फिर समीक्षा करेंगी। इसके बाद माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 27 नवंबर तक परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

जिले में पांच फरवरी से शुरू होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के लिए परिषद ने 90 केंद्रों का अनुमोदन किया है। हालांकि, विद्यालयों को परीक्षा केंद्रों से संबंधित कमियों और आपत्तियों को दर्ज कराने का एक और मौका दिया गया है। इसमें विद्यालयों से परीक्षा केंद्रों की दूरी, छात्र आवंटन और केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं से संबंधित शिकायतें शामिल हैं।

गौरतलब है कि पहली बार 81 परीक्षा केंद्रों के लिए विद्यालयों की ओर से कुल 112 आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं। इनका निस्तारण करने के बाद परिषद ने 90 केंद्रों का अनुमोदन किया है। इसके बावजूद विद्यालय प्रबंधकों की ओर से दोबारा शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं।

जिले में वर्तमान में कुल 196 राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। आगामी बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 52 हजार 843 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। पिछले वर्ष परीक्षा में करीब 54 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए थे।

जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जिले में 90 परीक्षा केंद्रों का अनुमोदन किया गया है। विद्यालयों को 21 नवंबर तक आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया गया है। प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद 27 नवंबर तक परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। अब तक विद्यालयों की ओर से 25 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles