भदोही: सोलर केबल काटकर ले गए चोर, 300 घरों की पेयजल आपूर्ति ठप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: सोलर केबल काटकर ले गए चोर, 300 घरों की पेयजल आपूर्ति बाधित

महराजगंज। औराई कोतवाली क्षेत्र के हुसैनीपुर गांव में नमामि गंगे परियोजना के तहत संचालित जल निगम की पेयजल योजना को चोरों ने निशाना बनाया। बृहस्पतिवार की रात चोरों ने सोलर केबल काटकर चोरी कर ली। इससे बाजार सहित गांव के करीब 300 घरों में हर घर नल, हर घर जल योजना के तहत होने वाली पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। पानी की सप्लाई बंद होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा।

कई जगहों से काटी केबल, हाईमास्ट लाइट भी मिली गिरी हुई

हुसैनीपुर गांव में नमामि गंगे परियोजना के तहत जल निगम की ओर से पेयजल टंकी के माध्यम से घरों तक पानी पहुंचाया जाता है। जल निगम के ऑपरेटर संतोष सिंह ने बताया कि शुक्रवार की सुबह उन्हें जानकारी मिली कि गांव में पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। इसके बाद मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो कई स्थानों पर केबल कटी हुई मिली। घटनास्थल पर हाईमास्ट लाइट भी गिरी हुई थी।

जांच के दौरान पता चला कि चोर करीब 100 मीटर केबल काटकर ले गए हैं। इसके बाद ऑपरेटर ने डायल 112 पर सूचना देने के साथ ही उच्चाधिकारियों को भी घटना से अवगत कराया।

नई केबल लगने के बाद बहाल होगी आपूर्ति

केबल चोरी होने के कारण करीब 300 घरों में पेयजल आपूर्ति ठप रही। ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों के लिए हैंडपंप से पानी भरना पड़ा।

इस संबंध में एक्सईएन राजबली ने बताया कि घटना की सूचना संबंधित कार्यदायी संस्था को दे दी गई है। संस्था की ओर से ऑनलाइन प्राथमिकी दर्ज कराकर नई केबल लगाई जाएगी, ताकि जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल की जा सके।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles