जौनपुर: ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से लूट के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, 15 हजार रुपये नकद बरामद
जौनपुर। ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से लूट के मामले में सिकरारा पुलिस ने रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने का दावा किया। पुलिस ने बभनौली गांव निवासी अभिषेक शुक्ला को सुरतासापुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 15 हजार रुपये नकद समेत बैंक संबंधी दस्तावेज, कैश रजिस्टर, परिचय पत्र और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है।
थानाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह ने बताया कि देवपुर (धोवहां) गांव निवासी मनमोहन सिंह आठ अक्तूबर को शेरवां स्थित अपना ग्राहक सेवा केंद्र बंद करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाश उनकी स्कूटी और उसकी डिग्गी में रखे रुपये व जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गए थे।
लूटी गई वस्तुओं में बैंक की चेकबुक, पासबुक, परिचय पत्र और कैश वितरण रजिस्टर शामिल थे। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
15 हजार रुपये और बैंक के दस्तावेज बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के पास से 15 हजार रुपये नकद, यूनियन बैंक की दो चेकबुक, पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की एक पासबुक, कैश रजिस्टर और परिचय पत्र बरामद किया गया है। घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की गई है, जिसे पुलिस पहले ही लावारिस हालत में बरामद कर चुकी थी।
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं दो मुकदमे
पुलिस ने बताया कि अभिषेक शुक्ला के खिलाफ सिकरारा थाने में पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

