बारिश के बाद अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़, बुखार-सर्दी के साथ दाद-खुजली के मरीज बढ़े

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बारिश के बाद अस्पतालों में बढ़े मरीज, बुखार-सर्दी के साथ दाद-खुजली की शिकायत

भदोही। जिले में चार दिनों तक आंधी-बारिश के बाद सोमवार से मौसम साफ हो गया है। बारिश के बाद अचानक तेज धूप निकलने से अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, बदन दर्द और अकड़न के साथ दाद-खाज व खुजली की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं।

मंगलवार को जिले के 29 स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी में मरीजों की संख्या 6500 के पार पहुंच गई। करीब पांच दिन पहले इन स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी में लगभग 6000 मरीज पहुंचे थे। मंगलवार सुबह से ही अस्पतालों के पर्ची काउंटर से लेकर डॉक्टरों के कक्ष तक मरीजों की भीड़ रही।

जिला अस्पताल में 1010 मरीज पहुंचे

महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय की ओपीडी में मंगलवार को 1010 मरीज पहुंचे, जबकि सामान्य दिनों में यहां करीब 800 मरीज आते हैं। महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय भदोही में ओपीडी 800 रही, जबकि सामान्य दिनों में यहां 600 से 700 मरीज आते हैं।

सरपतहां स्थित 100 शैय्या अस्पताल में करीब 500 मरीजों की ओपीडी रही। इसके अलावा भानीपुर, डीघ, गोपीगंज, औराई, सुरियावां और भदोही के स्वास्थ्य केंद्रों में औसतन 250 से 300 मरीजों का उपचार हुआ। अन्य 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मरीजों की संख्या में इजाफा देखा गया। इनमें बच्चों, किशोरों और बुजुर्गों की संख्या अधिक रही।

बारिश में भीगने से बढ़ी बीमारी की शिकायत

जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. प्रदीप यादव ने बताया कि बारिश के पानी में भीगने और मौसम में अचानक बदलाव के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। मरीजों में बुखार, सर्दी-जुकाम, बदन दर्द, गले में खराश और थकान जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं।

जिला अस्पताल के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय मौर्य ने बताया कि ओपीडी में दाद-खाज और खुजली के मरीजों की संख्या बढ़ी है। पहले जहां करीब 35 मरीज प्रतिदिन आते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर करीब 70 हो गई है।

बच्चों के कपड़ों और खानपान का रखें ध्यान

100 शैय्या अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुशील शुक्ला ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने अभिभावकों को सुबह-शाम बच्चों को फूल बाजू के कपड़े पहनाने और रात में गुनगुना दूध देने की सलाह दी।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles