चोरी के मोबाइल और स्क्रैप बंगाल ले जा रहे दो युवक गिरफ्तार, 97 मोबाइल समेत बैटरी व वाहन पार्ट्स बरामद
औराई। कोतवाली पुलिस ने चोरी के मोबाइल और स्क्रैप बेचने जा रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 97 पुराने मोबाइल, 275 मोबाइल बैटरियां, मोबाइल स्क्रैप और वाहनों के टूटे-फूटे पार्ट्स बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गुरुवार को पुलिस टीम ने कोठरा ब्रह्म बाबा स्थल के पास घेराबंदी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एहसान सिद्दीकी और समीर, निवासी ब्लॉक रोड, औराई के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के पास से चार बोरियों में अलग-अलग कंपनियों के 27 क्षतिग्रस्त एंड्रॉइड मोबाइल, 70 कीपैड मोबाइल, 275 छोटी-बड़ी मोबाइल बैटरियां, मोबाइल स्क्रैप और टूटे-फूटे पार्ट्स बरामद हुए।
जामा तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के पास से दो मोबाइल फोन और 480 रुपये नकद भी बरामद किए।
कम कीमत में खरीदकर बंगाल में बेचते थे
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी के मोबाइल कम कीमत में खरीदकर एकत्र करते थे। मोबाइल, पार्ट्स और बैटरियां अधिक मात्रा में जमा होने के बाद उन्हें बंगाल ले जाकर अलग-अलग पार्ट्स के रूप में बेचते थे। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को भी दोनों चोरी के खरीदे गए मोबाइल और पार्ट्स बंगाल बेचने के लिए ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी के मोबाइल की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
