भदोही: गणपति पूजा पंडाल में उतरा करंट, 17 वर्षीय किशोर की मौत, दो झुलसे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गणपति पूजा पंडाल में उतरा करंट, किशोर की मौत, दो झुलसे

भदोही। शहर कोतवाली क्षेत्र के मर्यादपट्टी स्थित सरोज बस्ती में मंगलवार को गणपति पूजा पंडाल में करंट उतरने से 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक झुलस गए। बारिश के बाद पंडाल में पानी भरने और बिजली के तार पानी में डूबने के बाद हादसा हुआ। मृतक की पहचान आदित्य सरोज (17) के रूप में हुई है। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

मर्यादपट्टी की सरोज बस्ती में पिछले तीन वर्षों से बस्ती के युवा गणपति प्रतिमा स्थापित करते आ रहे हैं। इस वर्ष युवाओं ने अपेक्षाकृत बड़ा पंडाल बनाया था। बीते 20 सितंबर को यहां भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई थी।

पानी में डूबे तार निकालते समय लगा करंट

मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे बारिश शुरू हुई। करीब 30 मिनट से अधिक समय तक हुई बारिश के कारण पंडाल में पानी भर गया। बताया गया कि बिजली के तार भी पानी में डूब गए थे। इस दौरान भगवान गणेश की प्रतिमा के पास मौजूद आदित्य सरोज, अभिषेक सरोज (21) और शनि सरोज (14) तारों को ठीक करने लगे। इसी दौरान तीनों करंट की चपेट में आ गए।

हादसे के बाद तीनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद आदित्य की हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं अभिषेक और शनि का भदोही के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार दोनों की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।

परिवार में सबसे बड़ा था आदित्य

आदित्य सरोज दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसके पिता नीरज सरोज भदोही की एक कालीन कंपनी में मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार शशांक राय और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भदोही के सपा विधायक जाहिद बेग, आरिफ सिद्दकी समेत कई लोग भी मौके पर पहुंचे।

महासमिति में पंडाल पंजीकृत नहीं था

श्री गणेश पूजा महासमिति भदोही नगर के अध्यक्ष अरविंद मौर्य ने बताया कि महासमिति में 49 पूजा पंडाल पंजीकृत हैं, जिनमें इस वर्ष 46 गणपति प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। उनके अनुसार मर्यादपट्टी का यह पंडाल महासमिति में पंजीकृत नहीं था और इसकी जानकारी भी समिति को नहीं थी। उन्होंने बताया कि करीब चार से छह किशोर बच्चों ने मिलकर इसे स्थापित किया था और इस बार पहली बार यहां अपेक्षाकृत बड़ा पंडाल बनाया गया था।

महासमिति के आंकड़ों के मुताबिक नगर में 46 प्रतिमाएं स्थापित की गईं, जबकि छोटी-बड़ी प्रतिमाओं को मिलाकर नगर में संख्या करीब 60 और पूरे जिले में करीब 150 होने का अनुमान है।

किसी पूजा समिति ने नहीं लिया बिजली कनेक्शन

बिजली निगम के एक्सईएन एसके सिंह के अनुसार विभाग में केवल दो पंडालों को संवेदनशील के रूप में दर्ज किया गया था, जिनमें रजपुरा और अजीमुल्ला चौराहे के पंडाल शामिल हैं। इन स्थानों पर विभागीय टीम भी गई थी। उन्होंने बताया कि पूजा समितियों के लिए बिजली का कनेक्शन लेना अनिवार्य है, लेकिन किसी भी पूजा समिति द्वारा कनेक्शन नहीं लिया गया।

एसपी अभिनव त्यागी के अनुसार बारिश के कारण पंडाल में पानी भर गया था। पंडाल को व्यवस्थित करते समय तीन लोग करंट की चपेट में आए। हादसे में एक किशोर की मौत हुई है, जबकि दो अन्य झुलसे लोगों की हालत अब सामान्य है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles