पांच लाख रुपये और सोने की चेन की मांग का आरोप, पति समेत आठ पर केस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दहेज उत्पीड़न के आरोप में पति समेत आठ पर प्राथमिकी, महिला ने दो बार गर्भपात का लगाया आरोप

ज्ञानपुर। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर भदोही कोतवाली पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के मामले में पति समेत आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट और मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि प्रताड़ना के दौरान दो बार उसके गर्भ में बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

औराई के घोसिया निवासी 20 वर्षीय बरखा गुप्ता की शादी नौ जुलाई 2024 को मर्यादपट्टी निवासी शनि गुप्ता के साथ हुई थी। बरखा ने पति शनि गुप्ता, ससुर राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, जेठ संदीप गुप्ता, जेठानी प्रियंका गुप्ता, चचेरे ससुर महेंद्र प्रसाद गुप्ता और जेठ सुजीत गुप्ता, प्रदीप गुप्ता व विशाल गुप्ता के खिलाफ शिकायत दी है।

बरखा का आरोप है कि शादी में मायके पक्ष ने करीब आठ लाख रुपये खर्च किए थे। घरेलू सामान, मोटरसाइकिल, सोने की अंगूठियां और 1.51 लाख रुपये नकद समेत कई सामान दिए गए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से पांच लाख रुपये और सोने की चेन की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर कथित तौर पर गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना की गई।

महिला के मुताबिक, पहली बार गर्भवती होने पर तीन महीने के गर्भ में बच्चे की मौत हो गई। इसके करीब छह महीने बाद वह दोबारा गर्भवती हुई, लेकिन चार महीने के गर्भ में फिर बच्चे की मौत हो गई। बरखा ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई थी।

बाद में उसे मायके भेज दिया गया। आरोप है कि 28 जून 2026 को भदोही के हनुमान मंदिर के पास दोनों पक्षों की मौजूदगी में ससुराल पक्ष ने कथित तौर पर फिर पांच लाख रुपये और सोने की चेन की मांग की। मांग पूरी होने तक उसे साथ रखने से इनकार करने के साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस से कार्रवाई नहीं होने पर बरखा ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की और बाद में न्यायालय की शरण ली। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर भदोही कोतवाली पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार राय ने बताया कि अदालत के आदेश के बाद पति समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles