गोपीगंज में चीनी कारोबारियों की दुकानों पर विपणन विभाग की छापेमारी, छह दुकानों का स्टॉक जांचा
गोपीगंज। विपणन विभाग की टीम ने सोमवार को नगर में चीनी के थोक कारोबारियों की दुकानों पर अचानक छापेमारी कर स्टॉक की जांच की। टीम ने मुख्य बाजार और खरहट्टी मोहाल में करीब छह दुकानों पर पहुंचकर चीनी के स्टॉक का सत्यापन किया। अचानक हुई कार्रवाई से कारोबारियों में खलबली मच गई। कई दुकानदार दुकानें बंद कर मौके से चले गए।
विपणन अधिकारी आरती शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने दुकानों पर उपलब्ध चीनी के स्टॉक का मिलान स्टॉक रजिस्टर में दर्ज मात्रा से किया। इसके साथ ही लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी बिंदुवार जांच की गई।
अधिकारियों ने कारोबारियों को स्टॉक रजिस्टर में लाइसेंस नंबर स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए। टीम ने यह भी देखा कि दुकानों पर उपलब्ध चीनी का स्टॉक अभिलेखों में दर्ज मात्रा के अनुरूप है या नहीं।
जांच अभियान के दौरान खाद्य अधिकारी देवराज सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई का उद्देश्य चीनी के अवैध भंडारण और स्टॉक संबंधी अनियमितताओं पर अंकुश लगाना है।
विपणन विभाग की अचानक हुई जांच से पूरे बाजार में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। अधिकारियों ने कारोबारियों को आवश्यक अभिलेख व्यवस्थित रखने और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।




