पेड़ की डाली काटते समय छत से गिरे उमाशंकर बिंद की मौत, परिवार में मचा कोहराम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पेड़ की डाली काटते समय छत से गिरे व्यक्ति की मौत

हिम्मतपुर निवासी उमाशंकर बिंद गंभीर रूप से घायल, वाराणसी में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

भदोही। थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर गांव निवासी उमाशंकर बिंद (55) की पेड़ की डाली काटते समय छत से गिरने के बाद मौत हो गई। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से वाराणसी रेफर किए जाने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, उमाशंकर बिंद मुंबई में रहकर जीविकोपार्जन करते थे और करीब दो माह पहले गांव आए थे। उन्होंने हाल ही में अपने मकान की दूसरी मंजिल का निर्माण कराया था। मकान के ऊपर स्थित नीम के पेड़ की एक डाली छत की ओर आ रही थी, जिसे काटने के लिए वह सोमवार की देर शाम छत पर चढ़े थे।

बताया गया कि डाली काटने के दौरान वह पेड़ की एक मोटी डाली से टकरा गए और असंतुलित होकर छत से नीचे जमीन पर गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजन आनन-फानन में उन्हें भदोही के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया।

परिजन उन्हें लेकर वाराणसी पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उमाशंकर बिंद को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

उमाशंकर बिंद के दो बेटे हैं, जो मुंबई में रहकर काम करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, उमाशंकर ही परिवार के जीविकोपार्जन का मुख्य सहारा थे।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, ग्राम प्रधान संदीप कुमार बिंद ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles