पटेल नगर में 16.37 लाख रुपये से बिछेगी 850 मीटर पेयजल पाइपलाइन
ज्ञानपुर। नगर पंचायत नई बाजार के वार्ड नंबर तीन पटेल नगर में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 850 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। नगर पंचायत की ओर से इस कार्य पर करीब 16 लाख 37 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। पाइपलाइन विस्तार का काम शुरू भी करा दिया गया है।
पाइपलाइन बिछने के बाद वार्ड नंबर तीन पटेल नगर और आसपास के इलाकों में रहने वाली करीब सात से आठ हजार की आबादी को पेयजल सुविधा का लाभ मिल सकेगा। क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई थी। इस मुद्दे को नगर पंचायत बोर्ड की बैठकों में भी समय-समय पर उठाया जाता रहा है।
समस्या के समाधान के लिए नगर पंचायत की ओर से वार्ड में 850 मीटर पेयजल पाइपलाइन विस्तार की कार्ययोजना तैयार की गई। बोर्ड की संस्तुति के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा गया, जहां से स्वीकृति मिलने के साथ धनराशि भी जारी कर दी गई। इसके बाद नगर पंचायत ने कार्य शुरू करा दिया है।
नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि पाइपलाइन विस्तार का कार्य पूरा होने के बाद पटेल नगर समेत आसपास के क्षेत्रों में पेयजल की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। नगर के विभिन्न वार्डों में सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं।
नगर पंचायत नई बाजार की अध्यक्ष निर्मला लालता सोनकर ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। पेयजल पाइपलाइन विस्तार से बड़ी आबादी को राहत मिलेगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।