बाजार सलाबत खान मोहल्ले में 31 अक्टूबर तक शुरू होगा सीवर निर्माण, हाईकोर्ट का आदेश
भदोही। बाजार सलाबत खान मोहल्ले में लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भदोही नगर पालिका को मोहल्ले में सीवर निर्माण कार्य 31 अक्टूबर तक शुरू करने का आदेश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 5 नवंबर को होगी। उस दिन नगर पालिका को कार्य शुरू होने की रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत करनी होगी।
मामला मोहल्ला जमुंद निवासी कमाल हसन खान की ओर से दाखिल याचिका से जुड़ा है। उन्होंने भदोही नगर पालिका, उत्तर प्रदेश सरकार समेत अन्य को पक्षकार बनाते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में क्षेत्र में लंबे समय से बने जलभराव की समस्या का हवाला देते हुए सीवर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की गई थी।
विरोध के कारण रुका था काम
बताया गया कि गौरियाना से जमुंद होते हुए बाजार सलाबत खान तक कई वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। नगर पालिका की ओर से करीब 300 मीटर सीवर पाइपलाइन बिछाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी, लेकिन कुछ लोगों के विरोध के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था।
नगर पालिका के प्रस्ताव के अनुसार इस कार्य पर करीब 15 से 17 लाख रुपये खर्च होने हैं। सीवर लाइन बिछने से क्षेत्र में जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
हाईकोर्ट ने दिए स्पष्ट निर्देश
सोमवार को मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति अरुण बंसल और न्यायमूर्ति क्षितिज शैलेंद्र की खंडपीठ ने नगर पालिका को 31 अक्टूबर तक निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। न्यायालय ने कहा कि जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
अब नगर पालिका को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य शुरू कराकर 5 नवंबर को होने वाली अगली सुनवाई में इसकी रिपोर्ट पेश करनी होगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।