15 करोड़ मासिक कारोबार वाली गल्ला मंडी बदहाल, सात साल से सड़क की मरम्मत का इंतजार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंडी में करोड़ों का व्यापार, सड़क पर बदहाली का बाजार

ज्ञानपुर। पूर्वांचल की प्रमुख व्यावसायिक मंडियों में शामिल गोपीगंज के अंजही मोहाल स्थित गल्ला मंडी में हर महीने करीब 15 करोड़ रुपये का कारोबार होता है। इसके बावजूद मंडी की जर्जर सड़क व्यापारियों और आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। करीब 300 व्यापारियों की बार-बार मांग के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा सकी है।

गोपीगंज बड़ा चौराहा से गल्ला मंडी होते हुए कबूतरनाथ मंदिर तक का मार्ग लंबे समय से बदहाल है। इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, ग्राहक और स्थानीय लोग आवागमन करते हैं। मंडी में रोजाना करीब 40 से 50 लाख रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। इस हिसाब से सालाना कारोबार करीब 180 करोड़ रुपये तक पहुंचता है।

सात साल पहले बनी थी इंटरलॉकिंग सड़क

व्यापारियों के अनुसार, करीब सात साल पहले मंडी क्षेत्र में इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया था। इसके बाद सड़क की उचित मरम्मत और रखरखाव नहीं होने से अब जगह-जगह रास्ता जर्जर हो चुका है। चार पहिया और दो पहिया वाहन किसी तरह निकल जाते हैं, लेकिन पैदल राहगीरों और साइकिल सवारों को सबसे अधिक परेशानी होती है।

कई जिलों तक होता है कारोबार

अंजही मोहाल की गल्ला मंडी से प्रयागराज, मिर्जापुर और जौनपुर के साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चीनी, तेल, दलहन, तिलहन, गुड़, आलू और प्याज का कारोबार होता है। गोपीगंज नगर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र होने के बावजूद मंडी की सड़क की बदहाली पर व्यापारियों में नाराजगी है।

नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल ने बताया कि मंडी से प्रतिदिन करीब 40 से 50 लाख रुपये का व्यापार होता है। इसके बावजूद सड़क की हालत खराब है। उन्होंने बताया कि मार्ग की मरम्मत के लिए कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

रेलवे स्टेशन और गंगा घाट जाने का भी प्रमुख मार्ग

बड़ा चौराहा से शुरू होने वाला यह मार्ग केवल मंडी तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसी रास्ते से रामपुर गंगा घाट और रेलवे स्टेशन की ओर भी लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क की बदहाली से व्यापारियों के साथ आम नागरिकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles