मिर्जापुर में बारिश का कहर: कच्चे मकान ढहने से दंपती समेत तीन की मौत, एक घायल; परिजनों को मिलेंगे चार-चार लाख
मिर्जापुर। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश गरीब परिवारों के लिए आफत बन गई। बुधवार देर रात मड़िहान तहसील क्षेत्र के दो गांवों में कच्चे मकान ढहने से वृद्ध दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रशासन ने दोनों पीड़ित परिवारों को आपदा राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
रजौहा में वृद्ध दंपती की गई जान
मड़िहान क्षेत्र के रजौहा गांव निवासी रमाशंकर सिंह पटेल (68) बुधवार रात करीब नौ बजे पत्नी अशोक कुमारी (68) के साथ भोजन करने के बाद खपरैल वाले कच्चे मकान में सोने चले गए। रात करीब 11 बजे लगातार बारिश के बीच कच्ची दीवार और खपरैल अचानक भरभराकर दोनों के ऊपर गिर गई।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मड़िहान पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
थपनवा में महिला की मौत, पति गंभीर
बभनी थाना क्षेत्र के थपनवा गांव में हीरालाल (65) पत्नी केवली देवी (60) के साथ खेत पर बने कच्चे मकान में रहते थे। रात करीब एक बजे मकान की दीवार गिरने से दोनों मलबे में दब गए।
सुबह ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने केवली देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल हीरालाल का इलाज सीएचसी मड़िहान में चल रहा है।
चार-चार लाख की मिलेगी सहायता
एसडीएम मड़िहान ने बताया कि दोनों प्रभावित परिवारों को आपदा राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही यह भी जांच कराई जाएगी कि पीड़ितों को प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ क्यों नहीं मिल सका।
प्रशासन की अपील
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से कच्चे मकानों में रहने से बचने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है। अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी बढ़ाने और राहत व्यवस्था को सतर्क रखने के निर्देश दिए हैं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।